हरिद्वार

कांवड़ मेले में खाद्य सुरक्षा विभाग की सख्ती, 11 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए

नीटू कुमार हरिद्वार संवाददाता

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(नीटू कुमार) हरिद्वार। कांवड़ मेला-2026 के मद्देनजर कांवड़ यात्रियों और श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने जिलेभर में सघन निरीक्षण अभियान चलाया। अभियान के दौरान खाद्य प्रतिष्ठानों, ढाबों, रेस्टोरेंट, डेयरी, गोदामों और थोक विक्रेताओं का आकस्मिक निरीक्षण कर खाद्य एवं पेय पदार्थों के 11 नमूने जांच के लिए लिए गए। वहीं खराब और कालातीत खाद्य सामग्री को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त विनय शंकर पांडे और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देशन तथा संयुक्त आयुक्त महिमान्द जोशी के नेतृत्व में चलाए गए अभियान के तहत नगर निगम क्षेत्र हरिद्वार में कई प्रतिष्ठानों की जांच की गई। वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र टम्टा की टीम ने मायापुर स्थित एक डेयरी से पनीर और घी तथा अन्य प्रतिष्ठान से पनीर का नमूना लिया। सुभाष नगर ज्वालापुर स्थित एक गोदाम एवं थोक विक्रेता से दो एनर्जी ड्रिंक के नमूने भी संग्रहित किए गए।

वहीं वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी योगेंद्र पांडे की टीम ने सुभाष नगर ज्वालापुर स्थित गोदाम एवं थोक विक्रेता से जलजीरा और एनर्जी ड्रिंक के नमूने लिए। निरीक्षण के दौरान खाद्य सामग्री के उचित रखरखाव और भंडारण में कई अनियमितताएं मिलीं। ताजा और कालातीत खाद्य सामग्री को अलग-अलग रखने की व्यवस्था नहीं थी। इसके अलावा क्षतिग्रस्त खाद्य सामग्री के उचित निस्तारण की व्यवस्था भी नहीं मिली। इन अनियमितताओं पर संबंधित प्रतिष्ठान को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धारा 32 के तहत सुधार सूचना नोटिस जारी किया गया।

वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन के नेतृत्व में चंडीघाट क्षेत्र एवं आसपास के खाद्य प्रतिष्ठानों की भी जांच की गई। टीम ने जीरा मसाला, सोडा और बेकरी उत्पाद समेत खाद्य सामग्री के नमूने लिए। इस दौरान 8 किलोग्राम खराब मसाला और सात बोतल कालातीत कोल्ड ड्रिंक मौके पर ही नष्ट कराई गई। गंभीर अनियमितताओं पर दो खाद्य कारोबारियों के खिलाफ वैधानिक कार्रवाई प्रस्तावित की गई, जबकि लेबलिंग नियमों के उल्लंघन पर दो निर्माताओं को नोटिस जारी किए गए।

इसी क्रम में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी भगवानपुर पवन कुमार के नेतृत्व में अभियान दल ने इकबालपुर, झबरेड़ा और मंगलौर कांवड़ यात्रा मार्ग पर स्थित खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण किया। टीम ने यहां से पनीर और दूध के दो नमूने जांच के लिए लिए।

विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों को प्रतिष्ठानों में साफ-सफाई और स्वच्छता बनाए रखने, कालातीत खाद्य सामग्री की बिक्री नहीं करने तथा खाद्य पदार्थों को ढककर रखने के निर्देश दिए गए। अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ मेला क्षेत्र में खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण लगातार जारी रहेगा और खाद्य सुरक्षा मानकों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 के तहत नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Back to top button