मंगलौर में महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, परिवार में मचा कोहराम
कमरे में अचेत मिली महिला, मुंह से निकल रहा था झाग-अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) मंगलौर। मोहल्ला लालबाड़ा में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका की पहचान हसीन जहां उर्फ सोनी पत्नी आसिफ के रूप में हुई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मच गया और क्षेत्र में भी शोक का माहौल है।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार सुबह सोनी को उसके कमरे में अचेत अवस्था में पाया गया। बताया जा रहा है कि उसके मुंह से झाग निकल रहा था। परिजनों ने आनन-फानन में उसे उपचार के लिए नजदीकी अस्पताल ले जाने का प्रयास किया, लेकिन अस्पताल पहुंचने से पहले ही रास्ते में उसकी मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने मामले की सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया महिला की मौत का कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। मुंह से झाग निकलने के कारण जहरीला पदार्थ खाने अथवा किसी बीमारी की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी अभी पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं चौकी प्रभारी नितिन बिष्ट ने बताया कि शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मामले में परिजनों के बयान भी दर्ज किए गए हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही महिला की मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।









