हरिद्वार

नाबालिग साली को बहला-फुसलाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के क्रम में रानीपुर पुलिस ने नाबालिग बालिका को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने के मामले में नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही एवं लगातार की गई तलाश के बाद उसके कब्जे से नाबालिग बालिका को सकुशल बरामद कर लिया। पुलिस के अनुसार, 26 अगस्त 2026 को शक्तिनगर कॉलोनी, सुल्तानपुर मजरी, रानीपुर निवासी वादिया ने कोतवाली रानीपुर में सूचना दी थी कि उनकी 15 वर्षीय नाबालिग पुत्री को उसका जीजा कलीम पुत्र इरशाद निवासी रामपुर डांडी, रुड़की, हरिद्वार घर से बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। सूचना पर पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए मु0अ0सं0 297/2026, धारा 137(2) बीएनएस के तहत अभियोग पंजीकृत किया। नाबालिग की बरामदगी और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए प्रभारी निरीक्षक कोतवाली रानीपुर मनोहर सिंह भंडारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन कर तलाश शुरू की गई। पुलिस टीमों ने विभिन्न स्थानों पर दबिश देने के साथ ही सीसीटीवी कैमरों की फुटेज का अध्ययन, सर्विलांस और मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपी की तलाश की। लगातार प्रयासों के बाद 21 सितंबर 2026 को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने आरोपी कलीम पुत्र इरशाद, उम्र 25 वर्ष, निवासी रामपुर डांडी, रुड़की, हरिद्वार को नहर पटरी ज्वालापुर से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से नाबालिग बालिका को भी सकुशल बरामद कर लिया गया। पुलिस पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह नाबालिग बालिका को 25 अगस्त 2026 को अपने साथ शिमला ले गया था। परिजनों द्वारा मुकदमा दर्ज कराए जाने की जानकारी मिलने के बाद वह बालिका को लेकर वापस घर आ रहा था। पुलिस द्वारा नाबालिग बालिका के बयान दर्ज कराने तथा मेडिकल परीक्षण की कार्रवाई के बाद मुकदमे में सुसंगत धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद न्यायालय के समक्ष पेश किया जा रहा है। पुलिस टीम में प्रभारी निरीक्षक मनोहर सिंह भंडारी, उ0नि0 सन्दीपा भंडारी, उ0नि0 पूजा पाण्डेय, कानि0 विवेक गुसांई, कानि0 प्रेम सिंह मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button