नशीला पदार्थ खिलाकर बुजुर्ग को बेहोश किया, 120 किलो पीतल और बाइक उड़ाई
लक्सर पुलिस ने तीन शातिर चोर दबोचे, चोरी के माल से खरीदी अपाचे समेत 25 किलो पीतल बरामद

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। लक्सर में बुजुर्ग को नशीला पदार्थ खिलाकर चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले गिरोह का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से चोरी के सामान का करीब 25 किलो पीतल व पाइप, 1500 रुपये नकद और चोरी के माल की बिक्री से खरीदी गई सफेद रंग की टीवीएस अपाचे मोटरसाइकिल बरामद की है। वारदात में चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक एक अन्य आरोपी के पास बताई गई है, जिसकी तलाश की जा रही है। पुलिस के मुताबिक बीती 25 अगस्त को चरखी गोदाम लक्सर में अशोक कुमार और उनके साथी को आरोपियों ने नशीली दवा मिली कोल्ड ड्रिंक पिलाई थी। दोनों के बेहोश होने के बाद आरोपी गोदाम से करीब 120 किलो पीतल व पाइप तथा अशोक की बाइक चोरी कर फरार हो गए थे। मामले में 18 सितंबर को मुकदमा दर्ज किया गया था। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसएसपी एसएसपी नवनीत सिंह के निर्देश पर सीओ देवेन्द्र सिंह नेगी के पर्यवेक्षण और प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी के नेतृत्व में पुलिस टीमों का गठन किया गया। पुलिस ने मैनुअल पुलिसिंग और डिजिटल साक्ष्यों की मदद से आरोपियों की पहचान करते हुए उत्तर प्रदेश और हरियाणा में लगातार जानकारी जुटाई। पुलिस ने गुरुवार को पीपली पुल के पास सुल्तानपुर रोड से विनित, टिन्कू उर्फ कृष्ण, और रविन्द्र को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि चोरी किए गए पीतल में से कुछ माल करीब 25 हजार रुपये में बेचकर उन्होंने सफेद रंग की अपाचे बाइक खरीदी थी। बचा हुआ करीब 25 किलो पीतल उन्होंने लक्सर सीमेंट फैक्ट्री के पास गन्ने के खेत में छिपा रखा था, जिसे बेचने के लिए ले जाते समय पुलिस ने उन्हें दबोच लिया। पुलिस के अनुसार वारदात में चार लोग शामिल थे। चोरी की गई स्प्लेंडर बाइक एक अन्य साथी रवि के पास होने की जानकारी मिली है। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है। गिरफ्तार आरोपियों के आपराधिक इतिहास की भी जानकारी जुटाई जा रही है। गिरफ्तार आरोपी विनित निवासी तेड़ा, बागपत टिन्कू उर्फ कृष्ण निवासी बगरा, मुजफ्फरनगर रविन्द्र निवासी शिवनगर पानीपत हरियाणा के रहने वाले कार्रवाई करने वाली टीम में, प्रभारी निरीक्षक प्रवीण सिंह कोश्यारी, एसएसआई राजेश बिष्ट, एसआई समीप पाण्डेय, एसआई आशीष भट्ट सहित पुलिसकर्मी और सीआईयू रुड़की की टीम शामिल रही।









