Video: लक्सर में पूर्व राज्य मंत्री ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार पर उठाए सवाल
फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। लक्सर में पूर्व राज्य मंत्री रविंद्र सिंह आनंद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने गंगा नदी पर प्रस्तावित पुल का निर्माण कार्य अब तक शुरू न होने पर सरकार से जवाब मांगा। आनंद ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने वर्ष 2024 में लक्सर के रामपुर रायघटी क्षेत्र में गंगा नदी पर पुल निर्माण की घोषणा की थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग ने परियोजना का आकलन तैयार कर लगभग 107 करोड़ रुपये की धनराशि भी स्वीकृत कर दी, लेकिन इसके बावजूद आज तक धरातल पर निर्माण कार्य शुरू नहीं हो पाया है। उन्होंने सवाल उठाते हुए कहा कि जब सरकार की घोषणा हो चुकी है, बजट स्वीकृत है और पूरी योजना तैयार है तो फिर पुल निर्माण में देरी क्यों हो रही है। उन्होंने कहा कि रामपुर रायघटी से नगला सोती गांव के बीच प्रस्तावित पुल बनने से क्षेत्र के हजारों किसानों को सीधा लाभ मिलेगा, जो गंगा पार स्थित अपनी कृषि भूमि तक जाने के लिए आज भी नाव का सहारा लेने को मजबूर हैं।
रविंद्र सिंह आनंद ने बताया कि कई बार ऐसी घटनाएं सामने आ चुकी हैं, जब किसानों की फसल, ट्रैक्टर या अन्य वाहन गंगा में बह गए। इसके बावजूद किसानों को अपनी खेती तक पहुंचने के लिए यही जोखिम भरा रास्ता अपनाना पड़ता है। उन्होंने आरोप लगाया कि कहीं ऐसा तो नहीं कि पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत और वर्तमान मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के बीच राजनीतिक वर्चस्व की खींचतान के कारण यह परियोजना ठंडे बस्ते में डाल दी गई हो। यदि राजनीति के कारण पुल का निर्माण रुका है तो यह क्षेत्र की जनता के साथ बड़ा अन्याय है। पूर्व राज्य मंत्री ने सरकार से मांग की कि पुल निर्माण कार्य जल्द से जल्द शुरू किया जाए और स्वीकृत 107 करोड़ रुपये की धनराशि का पूरा ब्यौरा सार्वजनिक किया जाए। साथ ही उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रामपुर रायघटी में जल्द ही पुल निर्माण कार्य शुरू नहीं किया गया तो क्षेत्र की जनता के साथ मिलकर बड़ा जन आंदोलन किया जाएगा।









