लक्सर

सत्संग की आड़ में साजिश: बाबा ने रचाया डॉक्टर पर जानलेवा हमला, चेले की गिरफ्तारी से खुलासा

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) लक्सर। कोतवाली लक्सर पुलिस ने कार सवार डॉक्टर पर हुई फायरिंग के सनसनीखेज मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को अवैध असलाह के साथ गिरफ्तार किया है। जांच में सामने आया है कि वारदात का मास्टरमाइंड एक कथित सत्संगी बाबा है, जो फिलहाल फरार चल रहा है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर क्षेत्र में चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार को पकड़कर उसके कब्जे से अवैध हथियार बरामद किया गया। पूछताछ में आरोपी ने पूरे मामले का खुलासा कर दिया।

घटना 27 अप्रैल 2026 की है, जब दाबकी कलां निवासी डॉ. सुमित कुमार अपने साथियों के साथ कार से बहादराबाद स्थित हंस फाउंडेशन अस्पताल से भिक्कमपुर लौट रहे थे। इसी दौरान बाड़ीटीप के पास बाइक सवार बदमाशों ने उनकी कार पर फायरिंग कर दी। इससे पहले 14 अप्रैल को भी इसी तरह की फायरिंग की घटना सामने आई थी, जिसमें वाहन से गोली बरामद हुई थी।

तहरीर के आधार पर कोतवाली लक्सर में अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पकड़े गए आरोपी शुभम सैनी ने बताया कि वह एक कथित बाबा के संपर्क में था और पिछले तीन वर्षों से सत्संग में जुड़ा हुआ था। बाबा के आश्रम में रहने वाले सुमित के साथ मिलकर उसने इस साजिश को अंजाम दिया।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि बाबा ने करीब पांच-छह महीने पहले डॉक्टर सुमित की हत्या की योजना बनाई थी। 14 अप्रैल को पहली बार फायरिंग की गई और 27 अप्रैल को दोबारा मौका देखकर चार राउंड फायर किए गए।

पुलिस ने बताया कि मुख्य आरोपी सत्संगी बाबा की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश करने की तैयारी की जा रही है, जबकि मामले में अन्य संभावित आरोपियों की भी जांच जारी है।

Related Articles

Back to top button