देहरादून

उत्तराखण्ड पुलिस में पदोन्नतियों की नई लहर: दो वर्षों में 1,640 कर्मियों को मिला प्रमोशन

मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में उत्तराखण्ड पुलिस में पदोन्नति प्रक्रिया लगातार गति पकड़ रही है। पुलिस कर्मियों के मनोबल और कल्याण को प्राथमिकता देते हुए पुलिस मुख्यालय ने एक और महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए नागरिक पुलिस एवं अभिसूचना संवर्ग के 15 उपनिरीक्षकों को निरीक्षक पद पर पदोन्नत किया है। पुलिस मुख्यालय द्वारा जारी जानकारी के अनुसार वर्ष 2025 और 2026 विभागीय पदोन्नतियों के लिहाज से अत्यंत महत्वपूर्ण रहे हैं। वर्ष 2025 में एक हजार से अधिक पुलिस कर्मियों को पदोन्नति प्रदान की गई, जबकि वर्ष 2026 में अब तक 580 अधिकारियों एवं कर्मचारियों को उच्च पदों पर पदोन्नत किया जा चुका है। इस प्रकार पिछले दो वर्षों में नागरिक पुलिस, अभिसूचना, सशस्त्र पुलिस, दूरसंचार तथा अग्निशमन सेवा सहित विभिन्न शाखाओं के कुल 1,640 अधिकारियों और कर्मचारियों को पदोन्नति का लाभ मिला है। वर्ष 2026 में अब तक 13 पुलिस उपाधीक्षक (कनिष्ठ वेतनमान), 2 पुलिस उपाधीक्षक (एम), 26 निरीक्षक, 144 उपनिरीक्षक, 63 अपर एवं सहायक उपनिरीक्षक तथा 332 मुख्य आरक्षियों को पदोन्नति प्रदान की जा चुकी है। पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ ने सभी पदोन्नत अधिकारियों और कर्मचारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि समयबद्ध और पारदर्शी पदोन्नति व्यवस्था से पुलिस बल का मनोबल बढ़ता है तथा कार्यक्षमता में भी सकारात्मक वृद्धि होती है। उन्होंने उत्तराखण्ड शासन के गृह एवं कार्मिक विभाग तथा पुलिस मुख्यालय के कार्मिक अनुभाग की सराहना करते हुए कहा कि निर्धारित समय में पदोन्नति प्रक्रिया को सफलतापूर्वक पूरा करना विभाग की बड़ी उपलब्धि है। पुलिस मुख्यालय का कहना है कि भविष्य में भी पदोन्नति प्रक्रियाओं को पारदर्शी, समयबद्ध और कर्मचारी हितों के अनुरूप संचालित किया जाएगा, जिससे पुलिस बल को और अधिक सशक्त तथा प्रेरित बनाया जा सके।

Related Articles

Back to top button