हरिद्वार

एसएसपी नवनीत सिंह के क्राइम मीटिंग में दिखे सख्त तेवर, रीलबाजों और गैंग बनाकर उत्पात मचाने वालों पर पैनी नजर

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(रवि चौहान) हरिद्वार। एसएसपी नवनीत सिंह के क्राइम मीटिंग में सख्त तेवर देखने को मिले हैं जी हां पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में क्राइम मीटिंग का आयोजन किया गया, जिसमें अवैध असलाह के दम पर सोशल मीडिया पर धौंस दिखाने वाले रीलबाजों और गैंग बनाकर उत्पात मचा रहे युवाओं पर नकेल कसने की तैयारी कर ली गई है।

जानकारी के अनुसार शनिवार को पुलिस कार्यालय रोशनाबाद में आयोजित क्राइम मीटिंग में एसएसपी नवनीत सिंह का सख्त और संवेदनशील दोनों रूप देखने को मिला। बच्चा चोरी के तीनों चर्चित मामलों के सफल खुलासे और सोमवती अमावस्या स्नान को सकुशल संपन्न कराने पर कप्तान ने पुलिसकर्मियों की जमकर सराहना की, वहीं आगामी कांवड़ यात्रा को लेकर भी मातहतों को समयबद्ध तैयारियों के निर्देश दिए।

पुलिस कार्यालय रोशनाबाद स्थित सभागार में आयोजित सैनिक सम्मेलन में एसएसपी नवनीत सिंह ने मातहतों से अभिभावक की तरह संवाद करते हुए उनकी कुशलक्षेम जानी और समस्याओं की जानकारी ली। अपने स्तर की समस्याओं का मौके पर ही निस्तारण किया गया, जबकि शेष मामलों के समाधान के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया।

वहीं एसएसपी नवनीत सिंह की अध्यक्षता में मई माह की अपराध गोष्ठी आयोजित की गई। इस दौरान एसपी क्राइम एवं ट्रैफिक निशा यादव, एसपी सिटी अभय सिंह, एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल सहित सभी क्षेत्राधिकारी और थाना प्रभारी मौजूद रहे।

बैठक में मई माह के अपराधों, उनके खुलासों, लंबित विवेचनाओं, सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, चारधाम यात्रा, पुलिस भवनों के निर्माण कार्य और आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों की समीक्षा की गई। एसएसपी ने साफ शब्दों में कहा कि कानून हाथ में लेकर दबंगई दिखाने वालों की सर चढ़ती खुमारी अब कानून ही उतारेगा।

उन्होंने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि 20 से 22 वर्ष की उम्र के वे युवक, जो तथाकथित “पिल्ला गैंग” बनाकर उत्पात मचा रहे हैं, उन पर विशेष फोकस किया जाए और उन्हें सही राह पर लाने का प्रयास किया जाए। साथ ही सोशल मीडिया पर अवैध असलाह के साथ रीलबाजी कर माहौल खराब करने वाले तत्वों को चिन्हित कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के निर्देश दिए।

एसएसपी ने कहा कि आगामी कांवड़ यात्रा की तैयारियों को समय से पूरा किया जाए व जरूरी निर्माण और मरम्मत कार्यों के लिए समय रहते पत्राचार किया जाए। मुख्यालय स्तर से संचालित अभियानों में हरिद्वार पुलिस के बेहतर प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने और अधिक सक्रियता की अपेक्षा जताई।

उन्होंने कनखल, पिरान कलियर और सिटी हरिद्वार में सामने आए बच्चा चोरी के तीनों संवेदनशील मामलों में बच्चों की सकुशल बरामदगी को पुलिस टीमों की मेहनत का परिणाम बताते हुए उनकी पीठ थपथपाई। वहीं सोमवती अमावस्या स्नान को शांतिपूर्ण और सुरक्षित ढंग से संपन्न कराने पर भी पुलिसकर्मियों के प्रयासों की सराहना की गई। एसएसपी ने बताया कि इस कार्य के लिए पुलिस मुख्यालय स्तर से भी हरिद्वार पुलिस की प्रशंसा की गई है।

बैठक में डायल-112 से प्राप्त शिकायतों का मौके पर निस्तारण करने, ऑनलाइन शिकायतों को गंभीरता से लेने, महिला अपराधों में पीड़िताओं से मिलकर उनकी सहायता करने, सभी फायर स्टेशनों को अलर्ट मोड में रखने, स्कूलों के आसपास चेतक पुलिस की मौजूदगी बढ़ाने और बैंकों व सर्राफा बाजारों में नियमित औचक निरीक्षण करने के निर्देश दिए गए।

इसके अलावा लंबित मुकदमों के शीघ्र निस्तारण, सत्यापन अभियान को लगातार जारी रखने तथा शाम के समय थाना प्रभारियों द्वारा स्वयं फोर्स के साथ क्षेत्र में चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश भी दिए गए। सर्किल अधिकारियों को साप्ताहिक समीक्षा कर लापरवाही बरतने वाले विवेचना अधिकारियों को चिन्हित करने को कहा गया।

Related Articles

Back to top button