एसआईआर को लेकर डीएम मयूर दीक्षित का बूथों पर निरीक्षण, मतदाताओं को दिया भरोसा
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) कार्यक्रम के द्वितीय चरण के सफल क्रियान्वयन को लेकर जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने शुक्रवार को ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने बूथों पर पहुंचकर मतदाताओं से सीधे संवाद किया और एसआईआर की प्रगति के साथ-साथ मतदाताओं को जारी किए गए नोटिसों की स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने एसआईआर के तहत जारी नोटिसों पर प्राप्त आपत्तियों तथा संबंधित अभिलेखों की सुनवाई प्रक्रिया का भी जायजा लिया। उन्होंने संबंधित एआरओ एवं बीएलओ को निर्देश दिए कि प्रत्येक प्रकरण में पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यवाही की जाए। जिलाधिकारी मयूर दीक्षित ने जनपद के मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि यदि किसी मतदाता को विसंगति अथवा अनमैपिंग के संबंध में नोटिस प्राप्त होता है तो उसे घबराने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भारत निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित 11 अभिलेखों में से कोई एक वैध अभिलेख उपलब्ध कराने पर पात्र मतदाता के मामले का नियमानुसार उचित निराकरण किया जाएगा। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को अनावश्यक रूप से अपने मताधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि जनपद में विशेष गहन पुनरीक्षण की पूरी प्रक्रिया पारदर्शिता, निष्पक्षता और निर्धारित नियमों के अनुसार संचालित की जा रही है। इस कार्य में सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों का भी सकारात्मक सहयोग प्राप्त हो रहा है, जिससे पूरी प्रक्रिया को विश्वसनीय एवं निष्पक्ष बनाने में मदद मिल रही है। जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक पात्र मतदाता को एसआईआर से संबंधित आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नोटिस प्राप्त करने वाले सभी मतदाताओं के प्रकरणों की सुनवाई निर्धारित प्रक्रिया एवं समयसीमा के भीतर सुनिश्चित की जाए, ताकि किसी भी पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची से अनुचित रूप से प्रभावित न हो और कोई भी पात्र मतदाता अपने मताधिकार से वंचित न रहे। निरीक्षण के दौरान उप जिला निर्वाचन अधिकारी/अपर जिलाधिकारी जितेंद्र कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट हर गिरी, जिला सूचना अधिकारी रती लाल शाह सहित संबंधित बूथों के एआरओ, बीएलओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी मौजूद रहे।









