हरिद्वार

पौड़ी में दर्दनाक सड़क हादसा: खाई में गिरी बोलेरो, एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत, मासूम घायल

हरिद्वार के लक्सर निवासी परिवार के साथ हुआ हादसा, रेस्क्यू अभियान के बाद निकाले गए शव

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) पौड़ी। उत्तराखंड के पौड़ी जनपद में शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया। पौड़ी-देवप्रयाग मोटर मार्ग पर कुंडाधार के समीप एक बोलेरो वाहन अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरा। हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि एक मासूम गंभीर रूप से घायल हो गया।

हादसे की सूचना मिलते ही प्रशासन, पुलिस और राहत-बचाव दल मौके पर पहुंचे। कड़ी मशक्कत के बाद दुर्घटनाग्रस्त वाहन से सभी शवों को बाहर निकाला गया। घायल बच्चे को पहले सीएचसी बागी ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए बेस अस्पताल श्रीनगर रेफर कर दिया गया।

नायब तहसीलदार बोले रेस्क्यू के बाद हुई पहचान
नायब तहसीलदार पौड़ी संजय नेगी ने बताया कि दुर्घटना के बाद तुरंत रेस्क्यू अभियान शुरू किया गया। मृतकों और घायल की पहचान कर परिजनों को सूचना दे दी गई है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।

मृतकों की पहचान
– अफजाल पुत्र अकबर सूफी (49 वर्ष)
– शब्बो पत्नी अफजाल (40 वर्ष)
– अन्नाविया पुत्री अफजाल (3 वर्ष)
– शादाब पुत्र अफजाल (14 वर्ष)
– गुफरान पुत्र अकबर (34 वर्ष)

सभी निवासी ग्राम रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर जनपद हरिद्वार के मिले है। जिसमें घायल अरमान पुत्र अफजाल, निवासी रायपुर जीतपुर, थाना कोतवाली लक्सर, जनपद हरिद्वार। उपचार के लिए बेस अस्पताल श्रीनगर भेजा गया है।

वहीं दर्दनाक हादसे की खबर हरिद्वार के लक्सर और ज्वालापुर क्षेत्र पहुंचते ही शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है और लोग हादसे में जान गंवाने वालों को श्रद्धांजलि अर्पित कर रहे हैं।

Related Articles

Back to top button