शिवभक्तों की सेवा ही सच्ची शिव आराधना, मित्र पुलिस ने पुष्प वर्षा कर किया भव्य स्वागत
मोहम्मद आरिफ उत्तराखंड क्राइम प्रभारी

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(मोहम्मद आरिफ) हरिद्वार। श्रावण मास में कांवड़ यात्रा के दौरान मित्र पुलिस लगातार शिवभक्तों की सेवा में जुटी हुई है। इसी क्रम में शांतरशाह चौकी पुलिस ने कांवड़ियों का पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया तथा उन्हें फल, पानी और बिस्किट आदि वितरित किए है। पुलिस अधिकारियों ने भगवान शिव से सभी श्रद्धालुओं की यात्रा सकुशल एवं मंगलमय होने की प्रार्थना भी की है। इस अवसर पर सीओ सिटी अभय प्रताप सिंह ने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना स्वयं भगवान शिव की आराधना के समान है।

उन्होंने कहा कि कई किलोमीटर पैदल चलकर अपने कंधों पर गंगाजल लेकर शिवालयों तक पहुंचने वाले कांवड़िए साधारण व्यक्ति नहीं, बल्कि भगवान शिव के सच्चे तपस्वी हैं। और श्रावण मास में वह कठिन तपस्या, अटूट आस्था और शिवभक्ति के बल पर अपनी यात्रा पूरी करते हैं। उन्हें न धूप की चिंता होती है, न वर्षा की और न ही किसी सांसारिक मोह-माया का आकर्षण। उनके मन में केवल भगवान शिव के प्रति अटूट श्रद्धा और भक्ति का भाव होता है। सीओ सिटी ने कहा कि ऐसे शिवभक्तों की जितनी सेवा की जाए, वह कम है। मित्र पुलिस सभी कांवड़ियों की सुरक्षित एवं सफल यात्रा की कामना करती है और मां गंगा से प्रार्थना करती है कि सभी श्रद्धालु सकुशल अपने गंतव्य तक पहुंचें। वहीं शांतरशाह चौकी प्रभारी उमेश कुमार ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों की सुरक्षा और सेवा मित्र पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। पुलिस पूरी संवेदनशीलता और समर्पण के साथ श्रद्धालुओं की सहायता में लगी हुई है, ताकि प्रत्येक शिवभक्त सुरक्षित, सम्मानजनक और सुखद यात्रा का अनुभव कर सके। उन्होंने सभी श्रद्धालुओं से यातायात नियमों का पालन करने और प्रशासन के दिशा-निर्देशों का सहयोग करने की भी अपील की है।









