हरिद्वार

बहादराबाद में चोरी की बाइक बेचने निकले दो शातिर दबोचे

फिरोज अहमद समाचार सम्पादक

हरिद्वार की गूंज (24*7)
(फिरोज अहमद) हरिद्वार। हरिद्वार पुलिस के वाहन चोरी और नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली बहादराबाद पुलिस ने चोरी की मोटरसाइकिल के साथ दो युवकों को गिरफ्तार किया है। आरोपी चोरी की बाइक को बेचने के लिए ले जा रहे थे, लेकिन पुलिस ने नहर पटरी पर घेराबंदी कर उन्हें दबोच लिया। बहादराबाद पुलिस के मुताबिक वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह के निर्देश पर थाना क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की लगातार सघन चेकिंग की जा रही है। शनिवार को एसआई प्रवीण बिष्ट चौकी कस्बा बाजार पुलिस टीम के साथ चेकिंग अभियान में तैनात थे। इसी बीच सूचना मिली कि दो संदिग्ध युवक मोटरसाइकिलों से लोहे के पुल बहादराबाद से नहर पटरी की ओर आ रहे हैं, जिनमें से एक बाइक की नंबर प्लेट मुड़ी हुई है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने नहर पटरी पर घेराबंदी कर दोनों युवकों को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि बरामद मोटरसाइकिल उन्होंने हंस फाउंडेशन के बाहर से चोरी की थी और उसे बेचने जा रहे थे। दोनों शातिर आरोपी अरमान थाना गंगनहर के तेलीवाला गांव का निवासी और विनय थाना गंगनहर के गणेशपुर का निवासी है। पुलिस द्वारा आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में, एसआई प्रवीण बिष्ट, कांस्टेबल बीरेन्द्र सिंह और कांस्टेबल रणजीत सिंह शामिल रहे।

Related Articles

Back to top button